पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन 31 जुलाई तकः उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह

पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन 31 जुलाई तकः उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों-पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा इन पुरस्कारों के लिए आम जनता से ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2025 निर्धारित की गई है।

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल  awards.gov.in के माध्यम से ही किया जा सकता है। नामांकन करने वाले को 800 शब्दों तक का एक व्याख्यात्मक प्रशस्ति-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं तकनीक, खेल, जन सेवा, व्यापार और उद्योग जैसे विविध क्षेत्रों में असाधारण सेवाओं और उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डॉक्टर और वैज्ञानिकों को छोडक़र सार्वजनिक उपक्रमों में काम करने वाले सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कार के लिए पात्र नहीं हैं।