पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई तकः डीसी सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि गांव घुसकानी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
डीसी सचिन गुप्ता ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए छात्र का वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिला के किसी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त आवेदक का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सहित) के बीच होना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने वाला एक प्रतिष्ठित संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, यूनिफॉर्म एवं पाठ्यपुस्तकें पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक अवसर प्राप्त होते हैं।
Girish Saini 


