यूएचएसआर में नर्सिंग व पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 अगस्त तक
13 सितंबर को होगा कॉमन एंट्रेंस टेस्ट।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर), रोहतक ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न नर्सिंग एवं पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विवि की ओर से जारी प्रवेश सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण एवं काउंसलिंग शुल्क जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने एवं संशोधन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी-2026) का आयोजन 13 सितंबर 2026 को किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 10 सितंबर 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
डीन एकेडमिक अफेयर्स के अनुसार इस कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से बी.एससी. नर्सिंग, बीपीटी, पैरामेडिकल (बी.एससी. मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, बी.एससी. ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री, बी.एससी. रेडियोग्राफी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बीएससी. रेडियोथेरेपी, बी.एससी. परफ्यूजन टेक्नोलॉजी), पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग, एनपीसीसी, एमएससी. नर्सिंग तथा एमपीटी पाठ्यक्रमों में सरकारी एवं निजी संबद्ध संस्थानों में प्रवेश दिए जाएंगे।
विवि द्वारा जारी प्रवेश सूचना के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण-सह-काउंसलिंग शुल्क 1000 रुपये, जबकि हरियाणा के एससी, डीएससी, बीसी-ए, बीसी-बी, पीडब्ल्यूबीडी, फ्रीडम फाइटर एवं ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है।
विवि ने स्पष्ट किया है कि पात्रता एवं काउंसलिंग से संबंधित हरियाणा सरकार की अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी। सीईटी-2026 का पाठ्यक्रम विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े नवीनतम अपडेट के लिए विवि एवं एडमिशन पोर्टल पर नियमित रूप से विजिट करने की सलाह दी गई है। साथ ही, किसी भी सहायता के लिए एडमिशन हेल्पडेस्क मोबाइल 7300061880 तथा ईमेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।
बीएससी नर्सिंग तथा अन्य पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा में 11वीं एवं 12वीं कक्षा के विज्ञान विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी के साथ-साथ संबंधित पाठ्यक्रमों के अनुरूप प्रश्न शामिल होंगे। प्रश्नपत्र में कुल 180 अंकों के प्रश्न होंगे।
Girish Saini 

