हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोहतक, सांपला व महम में निकली तिरंगा साइकिल रैलियां
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आजादी के 79वें वर्ष के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोहतक, सांपला और महम में तिरंगा साइकिल रैलियां आयोजित की गई। रैलियों में युवाओं, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र प्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
सांपला में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर से उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने तिरंगा साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रोहतक में नगराधीश शुभम ने राजीव गांधी खेल परिसर से रैली को रवाना किया, जिसमें विशेष रूप से खिलाड़ियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महम में तहसीलदार रवि कुमार ने तिरंगा साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैलियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे 17 अगस्त तक अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। अभियान के तहत जिले में 17 अगस्त तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
Girish Saini 

