एमडीयू के यूआईईटी में बीटेक बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 जुलाई तक
रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में बीटेक. बायोटेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 19 जुलाई, 2026 तक किए जा सकते हैं।
यूआईईटी निदेशक, प्रो विनीत सिंगला ने बताया कि बायोटेक्नोलॉजी वर्तमान समय की सबसे तेजी से विकसित हो रही इंजीनियरिंग शाखाओं में शामिल है, जो जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, अभियांत्रिकी और सूचना प्रौद्योगिकी के समन्वय से स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण और उद्योग के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित कर रही है। वैक्सीन और नई दवाओं के विकास, जीन एडिटिंग, स्टेम सेल अनुसंधान, कैंसर एवं आनुवंशिक रोगों के उपचार, जैव ईंधन, खाद्य प्रसंस्करण, अपशिष्ट जल उपचार तथा जैव उर्वरकों के विकास जैसे क्षेत्रों में बायोटेक्नोलॉजी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस पाठ्यक्रम के बाद विद्यार्थी फार्मास्यूटिकल्स, बायोफार्मा, कृषि जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य उद्योग, पर्यावरण संरक्षण, क्लीनिकल रिसर्च, फॉरेंसिक विज्ञान, बायोइनफॉर्मेटिक्स, स्टार्टअप तथा उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अपना करियर बना सकते हैं।
प्रो. सिंगला ने बताया कि यूआईईटी में बीटेक. बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटें उपलब्ध हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का 10+2 परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान तथा जीव विज्ञान अथवा बायोटेक्नोलॉजी विषयों के साथ न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक (अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक) होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों की इंटर-से मेरिट इन तीनों विषयों में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया एवं काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी विवि के प्रवेश कार्यक्रम में उपलब्ध है।
Girish Saini 


