अकादमिक प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
खानपुर कलां, गिरीश सैनी। बीपीएस महिला विवि के प्रबंधन विभाग द्वारा फाउंडेशन्स ऑफ़ डॉक्टोरल रिसर्च एंड एकेडमिक मैनेजमेंट विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रबंधन विभागाध्यक्षा एवं कार्यशाला संयोजक प्रो. अंशु भारद्वाज ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों की शोध दक्षता, शैक्षणिक प्रबंधन क्षमता तथा डॉक्टोरल स्तर की तैयारी को सुदृढ़ करना है।
बतौर वक्ता, प्रथम सत्र में जेआईबीएस के अधिष्ठाता प्रो. पुलकित खन्ना ने सहायक शैक्षणिक संबंधों का निर्माण विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने शोधार्थी एवं मार्गदर्शक के मध्य समन्वय, सहपाठी सहयोग, शैक्षणिक संवाद तथा प्रभावी प्रतिपुष्टि की भूमिका को डॉक्टोरल यात्रा की सफलता के लिए जरूरी बताया। दूसरे सत्र में ओडीएस के अधिष्ठाता प्रो. कृष्ण के. पांडेय ने डॉक्टोरल शोध प्रक्रिया की एक सुव्यवस्थित रूपरेखा प्रस्तुत की। तीसरे सत्र में ओडीएस के सहायक प्राध्यापक डॉ. शांतनु त्रिवेदी ने प्रभावी साहित्य समीक्षा विषय पर विचार साझा किए। अंत में प्रो. अंशु भारद्वाज ने वक्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

Girish Saini 

