टेक फ्यूजन-2026 के दूसरे दिन तकनीकी, खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर

टेक फ्यूजन-2026 के दूसरे दिन तकनीकी, खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर

रोहतक, गिरीश सैनी। वैश्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय उत्सव टेक फ्यूजन-2026 के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने तकनीकी, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 28 अक्टूबर तक चल रहे उत्सव में 10 से अधिक महाविद्यालयों के 800 से अधिक विद्यार्थी 51 प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। इस दौरान हरियाणवी फिल्म 12 गाम की स्टार कास्ट की मौजूदगी विशेष आकर्षण रही।

तकनीकी स्पर्धाओं में कैप्चर द फ्लैग, डेटा डिटेक्टिव्स और मैनेजमेंट गेम्स के जरिए विद्यार्थियों ने तार्किक सोच, विश्लेषण और प्रबंधन कौशल दिखाया। खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, युगल क्रिकेट, रस्साकशी, बोरी दौड़ और धीमी साइकिल दौड़ में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में एकल गायन-नृत्य, मिमिक्री, मेहंदी, पोस्टर, कोलाज, रील और पॉडकास्ट निर्माण ने रचनात्मकता के रंग बिखेरे।

प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। अंतिम दिन बुधवार को प्रतियोगिताओं के साथ पुरस्कार वितरण होगा।