करवा चौथ के उपलक्ष्य में शहर में रही मेहंदी लगाने की धूम

विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित।

करवा चौथ के उपलक्ष्य में शहर में रही मेहंदी लगाने की धूम

रोहतक, गिरीश सैनी। करवा चौथ पर्व के उपलक्ष्य में शहर के बाजारों में जहां महिलाएं हाथों में सुंदर मेहंदी लगवाती नजर आई, वहीं  विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं और महिला शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

किला रोड, रेलवे रोड, मॉडल टाउन, डी पार्क सहित शहर के प्रमुख बाजारों में मेहंदी लगाने वालों के पास महिलाओं की कतारें लगी रही। इसके अलावा बड़े-बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों, आभूषण भंडारों आदि में भी महिला ग्राहकों के लिए विशेष रूप से मेहंदी लगाने की व्यवस्था की गई।

लाल नाथ हिंदू कॉलेज में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. अंजू देशवाल, डॉ. दीप्ति शर्मा, डॉ. रजनी व डॉ. सविता ने निभाई। वृंदा प्रथम, प्रियांशी दूसरे और अंजू व श्वेता तीसरे स्थान पर रहे। दीपांशी को सांत्वना पुरस्कार मिला। पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. चित्रा शर्मा ने आभार व्यक्त किया। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. रश्मि छाबड़ा, डॉ. शिखा फोगाट, डॉ. वंदना रंगा, डॉ. सीमा, डॉ. संतोष, डॉ. मनीषा, डॉ. हिना, डॉ. सीमा गोसाई, डॉ. प्रीति यादव व डॉ. प्रीति भारद्वाज मौजूद रहे।

वहीं, स्थानीय सैनी (सह-शिक्षा) कॉलेज में आयोजित मेंहदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। सीमा ने प्रथम, रेशू ने दूसरा व तमन्ना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य प्रो. भीमसिंह पंवार और उप-प्राचार्या डॉ. सरिता यादव ने छात्राओं को सम्मानित किया।

महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय में आयोजित मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता में सी.आर. शिक्षण महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनीता आर्य ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समीक्षा ने प्रथम, अंशिता ने दूसरा व तनु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। प्राचार्य डॉ. रश्मि लोहचब ने सभी विजेताओं को बधाई दी।

इसके अलावा, स्थानीय गौड़ ब्राह्मण शिक्षण महाविद्यालय में सांस्कृतिक विभाग के तत्वावधान में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में बीएड के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में छात्राओं प्रकृति, तमन्ना, आशु, मानसी व नर्मदा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राचार्या डॉ महाश्वेता ने विजेताओं को बधाई दी। सभी प्राध्यापिकाओं ने भी मेहंदी लगवा कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।