सुपवा के 13वें स्थापना दिवस पर कुलपति सहित विवि अधिकारियों ने किया दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण

सुपवा के 13वें स्थापना दिवस पर कुलपति सहित विवि अधिकारियों ने किया दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) का 13वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने सूर्य कवि दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विवि परिवार को शुभकामनाएं दी।
कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा एवं डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक सहित सभी संकाय सदस्यों, शिक्षकों व कर्मचारियों ने भी दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि सुपवा अपनी स्थापना के उद्देश्य को साकार करते हुए प्रतिभाओं को निरंतर मंच और दिशा दे रहा है। विवि के विद्यार्थियों द्वारा तैयार शॉर्ट फिल्में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं और यहां से प्रशिक्षित विद्यार्थी फिल्म इंडस्ट्री में मुकाम हासिल कर रहे हैं। इसी तरह आर्किटेक्चर के विद्यार्थी आधुनिक भवन निर्माण व बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं, जबकि डिजाइनर फैशन इंडस्ट्री और विजुअल आर्ट्स के विद्यार्थी अपनी कलात्मक प्रतिभा से देशभर में पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन का प्रयास है कि सुपवा से निकलने वाली प्रत्येक प्रतिभा अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय मुकाम हासिल करे। इस दिशा में कार्य शुरू किया जा चुका है।