स्ट्रेस मैनेजमेंट डे पर विद्यार्थियों ने दिया तनाव मुक्ति का संदेश
प्लैंक पोजीशन प्रतियोगिता में किरण, मनप्रीत व अनुष्का ने बाजी मारी।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के छात्र कल्याण विभाग द्वारा स्ट्रेस मैनेजमेंट डे पर आयोजित कार्यक्रम में योग क्लब, डांस क्लब, थिएटर क्लब और म्यूजिक क्लब के विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे विवि परिसर को जीवंत और आनंदमय बना दिया।
योग क्लब के विद्यार्थियों ने वार्म-अप सेशन में रनिंग, स्ट्रेचिंग और एरोबिक एक्सरसाइज करवाई, जिससे विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। वहीं डांस क्लब की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्लैंक पोजीशन प्रतियोगिता रही। छात्रा वर्ग में किरण (पॉलिटिकल साइंस विभाग), मनप्रीत और अनुष्का (गणित विभाग) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किए। छात्रा प्रतिभागियों ने लगभग 6 मिनट 30 सेकंड तक प्लैंक होल्ड कर अपनी क्षमता का परिचय दिया। छात्र वर्ग में सचिन (योग विभाग), दीपक (आईएचटीएम) और सुमित (ज्योग्राफी विभाग) ने 11 मिनट 30 सेकंड तक प्लैंक होल्ड कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
समापन पर म्यूजिक क्लब के विद्यार्थियों ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी। बतौर मुख्य अतिथि प्रॉक्टर प्रो. रणदीप राणा ने विजेताओं को सम्मानित किया और विद्यार्थियों को तनाव मुक्त एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को भी मजबूत करते हैं। डॉ. प्रताप राठी ने कहा कि छात्र कल्याण विभाग भविष्य में भी विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित करता रहेगा।

Girish Saini 

