समाधान शिविर में अधिकारी सकारात्मक रवैये से करें समस्याओं का समयबद्ध निपटाराः डीसी सतबीर सिंह
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच के तहत इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतकर्ता से संवाद कर उसे कार्रवाई की जानकारी दें और उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायत साधारण कागज पर लिखकर शिविर में ला सकते हैं। उसे कंप्यूटर पर टाइप करवाने की आवश्यकता नहीं है। लिखने-पढ़ने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए शिविर में कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।
सोमवार को जिला मुख्यालय के अलावा सांपला और महम में भी शिविर आयोजित हुए। लघु सचिवालय सभागार में एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल और नगराधीश शुभम ने नागरिकों की समस्याएं सुनी।

Narvijay Yadav 

