शिकायतों का निपटारा ही नहीं, कार्रवाई की फोटो और एटीआर भी पोर्टल पर अपलोड करें अधिकारीः डीसी
समाधान शिविर, सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल की समीक्षा में उपायुक्त ने लंबित शिकायतों के प्राथमिकता से समाधान पर जोर दिया
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निपटारा करने के बाद संबंधित कार्रवाई की फोटो और एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पूरी एवं स्पष्ट जानकारी के साथ पोर्टल पर अपलोड करें। शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
शुक्रवार को लघु सचिवालय में समाधान शिविर, सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का समाधान करें और कोई भी शिकायत ओवरड्यू न होने दें। लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाया जाए तथा शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुना जाए।
उपायुक्त ने विभागीय सोशल मीडिया अकाउंट्स नियमित अपडेट रखने के निर्देश देते हुए कहा कि इन पर सरकारी योजनाओं, महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी साझा की जाए। बैठक में चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी शिकायतों की समीक्षा की गई। इस दौरान नगराधीश शुभम, डीएसपी राजेश, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

