समाधान शिविरों में शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करें अधिकारीः उपायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में आने वाली प्रत्येक शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध और उचित निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे समाधान करना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच का हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के साथ सांपला और महम उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने विभागाध्यक्षों को स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीसी ने नागरिकों से अपील की कि सांपला और महम क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित शिविरों में पहुंचें, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय न आना पड़े। शिकायतें साधारण कागज पर भी दी जा सकती हैं। लिखने-पढ़ने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए शिविरों में कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
सोमवार को रोहतक में एसडीएम आशीष कुमार सहित अधिकारियों ने शिकायतें सुनी। सांपला में एसडीएम अंकिता पंवार और महम में एसडीएम विपिन कुमार ने शिविरों की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

Girish Saini

