धुंध से पहले सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारीः डीसी सतबीर सिंह

दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश

धुंध से पहले सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारीः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को आगामी सर्दी में धुंध के मौसम को देखते हुए सड़क सुरक्षा के सभी पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का जीवन बहुमूल्य है और सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण किसी की जान नहीं जानी चाहिए।

लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटना संभावित स्थलों, सड़क इंजीनियरिंग की खामियों, यातायात व्यवस्था और लंबित कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल, चेतावनी संकेत और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम प्राथमिकता से करने को कहा। अवैध कट बंद करने और सड़क यातायात को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए।

उपायुक्त ने हाईवे पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई व नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, एसडीएम विपिन कुमार और नगराधीश शुभम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।