पात्रता और जरूरत के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाएं अधिकारीः डीसी
सेवा संकल्प अभियान के तहत लाखनमाजरा में लगा सेवा सेतु शिविर
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत लाखनमाजरा स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। करीब 20 विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी सेवाओं, रोजगार, स्वरोजगार, ऋण, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की पात्रता और जरूरत के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य अंत्योदय की भावना के अनुरूप जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से समझ कर उसे संबंधित योजना या सेवा से जोड़ा जाए।
शिविर में हेल्प डेस्क और काउंसलिंग स्टॉल के माध्यम से लोगों की जरूरत और रोजगार संबंधी रुचि की जानकारी लेकर उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाया गया। युवाओं को रोजगार पंजीकरण, रोजगार व स्वरोजगार योजनाओं तथा ऋण लेने के इच्छुक नागरिकों को विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को सक्षम योजना, महिलाओं को हरियाणा महिला विकास निगम, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के नागरिकों को संबंधित निगमों की योजनाओं से अवगत कराया गया। पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्योग से जुड़ी सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत, आभा आईडी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक किया।

Girish Saini 

