समाधान शिविर में हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा करें अधिकारीः डीसी सतबीर सिंह

समाधान शिविर में हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा करें अधिकारीः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में आने वाली प्रत्येक समस्या और शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध एवं उचित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक ही छत के नीचे समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय के साथ-साथ सांपला और महम उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप आयोजित इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाती है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रत्येक शिकायत के निपटारे को गंभीरता से ले रहा है। नागरिक अपनी समस्या साधारण कागज पर हाथ से लिखकर शिविर में ला सकते हैं। वहीं, लिखने-पढ़ने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए शिविर में कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।

स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित शिविर में एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल और डीएसपी दलीप सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सांपला और महम में भी एसडीएम की अध्यक्षता में शिविर आयोजित कर शिकायतों की सुनवाई की गई।