कर्मयोगी की भावना से निभाएं जिम्मेदारी, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें अधिकारी-कर्मचारीः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान

वीबी-जी राम जी के अनुमत कार्यों पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम

कर्मयोगी की भावना से निभाएं जिम्मेदारी, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें अधिकारी-कर्मचारीः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब अधिकारी एवं कर्मचारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और जवाबदेही से कार्य करें। उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन औपचारिकता के बजाय कर्मयोगी की भावना से करना चाहिए। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने वीबी-जी राम जी के अंतर्गत अनुमत कार्यों पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम में कही।

डॉ. चौहान ने कहा कि योजना के दिशा-निर्देशों, पात्रता, कार्य चयन और तकनीकी प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी है। ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के प्रोजेक्ट ऑफिसर हरिश्चंद्र गुप्ता ने विभागीय दिशा-निर्देशों के पालन और प्रशासनिक समन्वय पर जोर दिया। संस्थान के सहायक आचार्य कमलदीप सांगवान ने बताया कि प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को अनुमत कार्यों के चयन, क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।

इस दौरान नरेंद्र, विकास, वरुण, दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।