स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं नर्सिंग ऑफिसरः कुलपति डॉ.एच.के. अग्रवाल
पदोन्नति पर नर्सिंग एसोसिएशन ने किया आभार व्यक्त।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में नर्सिंग अधिकारियों की पदोन्नति होने पर नर्सिंग एसोसिएशन द्वारा कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल एवं अन्य अधिकारियों का आभार प्रकट किया गया।
इस दौरान कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि नर्सिंग अधिकारी हमारी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं और उनकी सेवाएं अनमोल हैं। हम उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को पहचानते हैं और उनकी पदोन्नति खुशी की बात है। कुलपति ने कहा कि ये पदोन्नति उनकी कर्तव्य निष्ठा का सम्मान और हौंसला अफजाई है। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन नर्सिंग एसोसिएशन के सहयोग से कर्मचारियों के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कुलपति ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि नर्सिंग अधिकारी उत्कृष्ट कार्य करते हुए मरीजों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें।
नर्सिंग एसोसिएशन के चेयरमैन मनोज खटाना ने बताया कि 6 सहायक नर्सिंग अधीक्षक पदोन्नत हुए और इनमें से एक 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्त हुई। एसोसिएशन के प्रधान विकास फोगाट एवं डीएनएस हनी प्रभा ने कहा कि एसोसिएशन के निरंतर प्रयासों के कारण पीजीआई के इतिहास में पहली बार हुआ कि कोई सीनियर नर्सिंग ऑफिसर पदोन्नति पाकर 1 दिन बाद ही सहायक नर्सिंग अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्ति हुई है।
एसोसिएशन द्वारा कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल सहित विवि प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।

Girish Saini 

