राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग लेने के लिए एनएसएस दल मैसूर रवाना
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय एकता शिविर–2026 में भाग लेने के लिए एमडीयू के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों का दल मैसूर (कर्नाटक) के लिए रवाना हुआ। ये दल शिविर में हरियाणा की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सेवा भावना का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश देगा।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने बताया कि ये राष्ट्रीय एकता शिविर 12 से 18 मार्च 2026 तक मैसूर स्थित जेएसएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित होगा। इसका आयोजन एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशालय, नई दिल्ली तथा हरियाणा उच्च शिक्षा निदेशालय के सहयोग से किया जा रहा है।
एनएसएस स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए प्रो. सविता राठी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर युवाओं के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। एमडीयू से छह शिक्षण संस्थानों के कुल 10 स्वयंसेवक (पांच छात्र व पांच छात्राएं) इस शिविर में भाग ले रहे हैं। हिंदू कॉलेज, सोनीपत के डॉ. हरदीप सिंह कार्यक्रम अधिकारी के रूप में दल का नेतृत्व कर रहे हैं।

Girish Saini 

