एमडीयू के गैर शिक्षक कर्मचारियों ने मनाया होली का त्योहार

कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दी होली की शुभकामनाएं।

एमडीयू के गैर शिक्षक कर्मचारियों ने मनाया होली का त्योहार

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ कार्यालय में होली मिलन समारोह आपसी सौहार्द, भाईचारे और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने कहा कि होली का पर्व प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों के बीच आपसी तालमेल और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक सुनित मुखर्जी ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का ये पर्व विवि के वर्तमान और सेवानिवृत कर्मियों और विद्यार्थियों के जीवन में खुशियों के रंग लेकर आए तथा सामाजिक सरोकार, सद्भाव, भाईचारा और अमन-चैन की भावना को बुलंद करे। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान सुरेश कौशिक ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि होली मिलन समारोह का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच पारस्परिक संवाद और सौहार्द को बढ़ावा देना है। इस दौरान पूर्व प्रधान डॉ राजबीर राहड़, शांति लाल सिक्का, दयानन्द छिक्कारा, फूल कुमार बोहत, रणधीर कटारिया, निरंजन कुमार निन्नी विशेष रूप से मौजूद रहे।

एमडीयू के कुलपति प्रो. सोम नाथ सचदेवा ने रंगों के उत्सव होली के मौके पर विवि परिवार के नाम अपने संदेश में कहा कि होली एकता, नवीनीकरण और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम, सौहार्द और समरसता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि जैसे विभिन्न रंग मिलकर एक सुंदर और आनंदमय उत्सव का निर्माण करते हैं, उसी प्रकार विवि परिवार की विविध प्रतिभाएं, प्रबुद्ध विचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता की आकांक्षाएं संस्थान को निरंतर समृद्ध करती हैं। उन्होंने कामना की कि ये त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह, सामंजस्य और खुशियां लेकर आए।