सफीदों फैक्ट्री हादसे में झुलसे मजदूरों के उपचार में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगीः उपायुक्त सचिन गुप्ता
डीसी ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर जाना घायलों का हाल, बेहतर उपचार के निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि सफीदों की एक फैक्ट्री में आग लगने से झुलसे मजदूरों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शनिवार को पीजीआईएमएस, रोहतक स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्थिति व उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उपचार संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ध्यान रहे कि सफीदों की भाट कॉलोनी स्थित रंगों की एक फैक्ट्री में आग लगने से कई मजदूर झुलस गए थे। इनमें से छह मजदूरों को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में उपचार के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उपचाराधीन मरीजों में कश्मीरी, कमलेश, जगबीर, रानी, सरिता तथा धनपति शामिल हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने उपायुक्त को घायलों के उपचार और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Girish Saini 

