फसल कटाई में लापरवाही नहीं, सटीक आंकड़ों पर जोर
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों के फसल कटाई प्रयोगों का असिस्टेंट कमिश्नर अंडर ट्रेनिंग विशाल सिंह ने गांव पहरावर में निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार पारदर्शिता और सावधानी से प्रयोग कराने के निर्देश दिए।
सहायक सांख्यिकी अधिकारी विनोद हुड्डा ने बताया कि जिले में धान, बाजरा, कपास और मक्का के प्रयोग कराए जा रहे हैं। यादृच्छिक एवं स्मार्ट नमूना पद्धति से 5×5 मीटर के भूखंड चयनित कर औसत पैदावार का आंकलन किया जाता है। इसी आधार पर खंड व जिला स्तर की पैदावार तथा किसानों के बीमा मुआवजे का निर्धारण होता है। विशाल सिंह ने बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक सचिन मिश्रा को सभी प्रयोगों में कंपनी प्रतिनिधि की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Girish Saini 

