शिकायतों पर देरी बर्दाश्त नहीं, नाबालिगों की गुमशुदगी पर तुरंत दर्ज करें केसः आईजी हामिद अख्तर
थाना क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और रखरखाव पर दिया जोर
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हामिद अख्तर ने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बेहतर समन्वय, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग पर जोर देते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
एसपी कार्यालय में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित सहित राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। आईजी ने निर्देश दिए कि थानों में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में बिना देरी मुकदमा दर्ज कर उनकी जल्द से जल्द बरामदगी की जाए।
उन्होंने प्रत्येक थाना क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने और उनके नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। आईजी ने पुलिस अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने तथा संवेदनशील मामलों में निष्पक्षता और जिम्मेदारी से कार्य करने की हिदायत दी।
इस दौरान एएसपी वैशाख बागी, डीएसपी ऋषिकांत, डीएसपी शहर राजेश कुमार लोहान, डीएसपी महम तनुज शर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini

