कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहेः मनीष ग्रोवर

शहीदी प्रदर्शनी ट्रस्ट ने 51 जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग राशि दी।

कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहेः मनीष ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा फतेह सिंह बाबा जोरावर सिंह शहीदी प्रदर्शनी ट्रस्ट, रोहतक द्वारा स्थानीय रामनगर स्थित शिक्षा भारती विद्यालय में जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग राशि दी गई। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, विभाग संघ प्रचारक प्रदीप, संजय सोनी, ट्रस्ट के पदाधिकारी सरदार मुकुंद सिंह, जोगिंदर सिंह धमीजा, परमजीत सिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने इस पुनीत कार्य के लिए ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा हर बच्चे का जन्मसिद्ध अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए और इस उद्देश्य का प्राप्ति की दिशा में ट्रस्ट एक सराहनीय कार्य कर रहा है। विभाग प्रचारक प्रदीप ने  गुणवत्तापरक शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए पंच परिवर्तन से अवगत कराया।

कार्यक्रम में शिक्षा भारती विद्यालय के 18 विद्यार्थियों सहित विभिन्न विद्यालयों के कुल 51 जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग राशि प्रदान की गई। इस दौरान विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे। प्राचार्य ममता भोला ने अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त किया।