ऑनलाइन प्लेसमेंट ड्राइव में जीजेयू के नौ विद्यार्थी चयनित

ऑनलाइन प्लेसमेंट ड्राइव में जीजेयू के नौ विद्यार्थी चयनित

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से परसूट फ्यूचर टेक्नोलॉजीज के ऑनलाइन प्लेसमेंट ड्राइव में बीटेक और एमबीए कार्यक्रम के नौ विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है। चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए, कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विवि के मजबूत प्लेसमेंट रिकॉर्ड पर संतोष व्यक्त किया। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।

कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधियों लीना श्री एस और एचआर मैनेजर सौम्या ने प्री-प्लेसमेंट सत्र के दौरान छात्रों को कंपनी की कार्य संस्कृति, परिचालन ढांचे, चल रही परियोजनाओं और पेशेवर विकास के अवसरों के बारे में बताया। प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि इस ड्राइव में बीटेक और एमबीए कार्यक्रम के 95 विद्यार्थियों ने भाग लिया। सहायक निदेशक प्लेसमेंट डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में बीटेक सीएसई से राधिका साठे, कोमल, अभय सिंह, मयंक व खुशबू, बीटेक ईसीई से चिराग, एमबीए जनरल से मुस्कान, एमबीए आईबी से पायल सिसोदिया और एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स से आशीष कुमार शामिल हैं।