नवनियुक्त कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने संभाला कार्यभार
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के नवनियुक्त कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया की उपस्थिति में मंगलवार को कुलसचिव पद का कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने कुलसचिव का स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद प्रो. संदीप बंसल ने कुलाधिपति प्रो. असीम घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र हितैषी बनाना होगी। उन्होंने कहा कि विवि की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए टीमवर्क के साथ काम किया जाएगा। कुलसचिव ने कहा कि कुलपति के मार्गदर्शन में टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शैक्षणिक और प्रशासनिक उत्कृष्टता को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने प्रो. बंसल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव का फायदा विवि को मिलेगा और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी।
इस दौरान पूर्व रजिस्ट्रार डॉ. कृष्णकांत, प्रो. बंसल की पत्नी राखी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी और गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने भाग लिया।

Girish Saini 

