नवनियुक्त एनसीसी ग्रुप कमांडर ने एमडीयू कुलपति से की शिष्टाचार भेंट

एनसीसी और विवि के बीच समन्वय बढ़ाने तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर हुई चर्चा।

नवनियुक्त एनसीसी ग्रुप कमांडर ने एमडीयू कुलपति से की शिष्टाचार भेंट

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के नवनियुक्त ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश ने सोमवार को एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच एनसीसी और विवि के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने ब्रिगेडियर राम नरेश का एमडीयू पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विवि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए एनसीसी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता है।

ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि एनसीसी युवाओं को नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने एमडीयू की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना करते हुए विवि के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए और अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में विवि और एनसीसी के बीच सहयोग बढ़ाने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श हुआ।