नव नियुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी 30 अक्टूबर को रोहतक में संभालेंगे पदभार

नव नियुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी 30 अक्टूबर को रोहतक में संभालेंगे पदभार

रोहतक, गिरीश सैनी । भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रोहतक स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। यह जानकारी भाजपा प्रदेश महामंत्री विधायक मोहनलाल बड़ौली तथा प्रदेश सह मीडिया प्रमुख शमशेर सिंह खरक ने दी। उन्होंने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा भाजपा प्रभारी विप्लव देव, नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद व विधायक मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ का भी स्वागत किया जाएगा।

प्रदेश सह मीडिया प्रमुख शमशेर सिंह खरक ने बताया कि प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के लिए पहुंचने पर कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत किया जाएगा। पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसे लेकर प्रदेश महामंत्री डॉ. पवन सैनी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।