7 गांवों में विद्यालयों के नए भवनों व तीन गांवों में 17 क्लासरूमों का होगा निर्माण
लगभग 9 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की राशि से होगा जिला में स्कूलों के नए भवनों का निर्माण व रखरखावः उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा जिला के 7 गांवों के विद्यालयों के नए भवनों तथा तीन गांवों में 17 क्लासरूम के निर्माण पर 9 करोड़ 21 लाख 68 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसी तरह जिला के 6 गांवों में विद्यालयों के भवन की मरम्मत व रखरखाव, चारदीवारी व अतिरिक्त क्लासरूम के निर्माण पर 56 लाख 71 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सरकार द्वारा इन कार्यों के लिए धनराशि जारी की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार को 7 गांवों में राजकीय विद्यालयों के नए भवनों के निर्माण तथा तीन गांवों में अतिरिक्त क्लासरूम के निर्माण बारे प्रस्ताव भेजा था। सरकार द्वारा इस कार्य के लिए 9 करोड़ 21 लाख 68 हजार रुपये की राशि जारी की है। कलानौर खंड के गांव लाहली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 8 कक्षा कक्षों, एक लड़कियों के शौचालय, चार लडक़ों के शौचालय एवं वाटर टैंक के निर्माण पर 87 लाख 37 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। शुगर मिल कॉलोनी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 6 कक्षा कक्षों, चार शौचालय एवं चारदीवारी के निर्माण पर 73 लाख एक हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
लाखनमाजरा खंड के गांव चांदी स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण कार्य पर 74 लाख 4 हजार रुपये, खरैंटी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण पर एक करोड़ 30 लाख 59 हजार रुपये की राशि, नांदल गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण पर 49 लाख 54 हजार रुपये की राशि तथा सुंदरपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण पर 74 लाख 4 हजार रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।
सांपला स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला के नए भवन के निर्माण पर एक करोड़ 33 लाख 43 हजार रुपये की राशि, सांपला मंडी स्थित राजकीय मॉडल स्कूल में तीन क्लासरूम व विज्ञान प्रयोगशाला के निर्माण पर 82 लाख 16 हजार रुपये तथा नोनंद गांव स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के नए भवन के निर्माण पर एक करोड़ 32 लाख 97 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा जिला के 6 गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत, अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण व चारदीवारी के निर्माण के लिए 56 लाख 71 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि लाखनमाजरा खंड के गांव इंद्रगढ़ स्थित राजकीय मॉडल स्कूल में मरम्मत कार्य पर 7 लाख 46 हजार रुपये, इसी गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण पर 10 लाख 22 हजार रुपये, महम खंड के गांव भैणी मातो स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी के निर्माण पर 7 लाख 35 हजार रुपये, सैमाण गांव स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी के निर्माण पर 38 हजार रुपये, महम के गंगानगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी के निर्माण पर 15 लाख 82 हजार रुपये तथा निंदाना खास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी के निर्माण पर 15 लाख 48 हजार रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।

Girish Saini 

