नई शिक्षा नीति से उच्च शिक्षा में आएगा गुणात्मक बदलाव: वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) एवं हिंदू गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से 8 दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम का ऑनलाइन शुभारंभ हुआ। 7 से 14 जुलाई तक होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षक भाग ले रहे हैं।
बतौर मुख्य अतिथि, एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति उच्च शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित और विद्यार्थी केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बदलते समय के अनुरूप स्वयं को निरंतर अद्यतन रखें और शोध, नवाचार तथा प्रभावी शिक्षण को बढ़ावा दें।
एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. मुनीष गर्ग ने कहा कि नई शिक्षा नीति शिक्षण और शोध की नई संस्कृति विकसित करने का अवसर प्रदान करती है। उपनिदेशक एवं परियोजना समन्वयक डॉ. माधुरी हुड्डा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए केंद्र की गतिविधियों की जानकारी दी। हिंदू गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत की प्राचार्या डॉ. विपाशा अग्रवाल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उद्घाटन सत्र में जवाहरलाल नेहरू विवि , नई दिल्ली के प्रो. रवि शेखर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों और उच्च शिक्षा में शिक्षकों की बदलती भूमिका पर व्याख्यान दिया। दूसरे सत्र में प्रो. दीपेंद्र नाथ दास ने एनईपी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलावों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के आगामी सत्रों में विभिन्न शिक्षाविद राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विविध पहलुओं पर व्याख्यान देंगे।
Girish Saini 


