नेताजी सामान्य नाम नहीं, बल्कि देश की आजादी की है पूरी कहानीः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती के अवसर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित।

नेताजी सामान्य नाम नहीं, बल्कि देश की आजादी की है पूरी कहानीः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस केवल सामान्य नाम नहीं हैं, बल्कि वे देश की आजादी की पूरी कहानी हैं। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को पराक्रम की मूर्ति की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने देशवासियों में आजादी की लौ तथा आत्मविश्वास जागृत किया। नर्म और गर्म दल के नेताओं ने मिलकर अंग्रेजों की चूलें हिला दी तथा अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर विवश कर दिया। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय परिसर में संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में अनेक कार्य किए है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाना शुरू किया तथा गणतंत्र दिवस की तैयारी भी 23 जनवरी से शुरू करने के निर्देश दिये। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज की स्थापना कर हजारों नौजवानों को देश की आजादी के लिए संगठित किया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने ही सर्वप्रथम महात्मा गांधी के लिए राष्ट्रपिता की उपाधि की बात की थी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 1942 में आजाद हिंद फौज का गठन किया। रोहतक सहित पूरे प्रदेश के जवान जज्बे के साथ नेता जी के साथ जुड़कर इस फौज में भर्ती हुए। सीएम ने कहा कि नौजवान आज भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की देश सेवा की भावना और देशभक्ति के जज्बे से प्रेरित होकर सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे है। वर्तमान में देश की सेना में हरियाणा के 10 से 11 प्रतिशत जवान शामिल है। प्रदेश के जवानों ने देश की एकता व अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान भी दिए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद हिंद फौज का गठन सन् 1942 में हुआ था और आज लगभग 80 वर्षों से भी अधिक का समय बीत जाने के बाद हरियाणा में आज़ाद हिंद फ़ौज के 3 सिपाही जीवित हैं। उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त को यह निर्देश दिए गए थे कि आजाद हिंद फौज के जो सिपाही जीवित हैं तो उन्हें सम्मानित किया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला रेवाड़ी के गांव बुरथला के हरि सिंह आयु 105 वर्ष, कोसली के मंगल सिंह आयु 102 वर्ष तथा जिला महेंद्रगढ़ के गांव मांडी के जय प्रकाश आयु 98 वर्ष, आज भी जीवित हैं और आज इनके घर जाकर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया है। इन स्वतंत्रता सेनानियों को हम युवा पीढ़ी के लिए नेता जी की निशानी के रूप में मान सकते हैं और युवाओं को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 22 जनवरी 2024 का दिन ऐतिहासिक दिन रहा है। इस दिन अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य श्रीराम मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि देश में संत-महापुरुषों ने समय-समय पर अवतरित होकर लोगों को जागृत किया है। सरकार द्वारा संत-महापुरुषों के विचारों को घर-घर पहुंचाने के लिए संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना क्रियान्वित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आह्वान किया कि वे प्रदेश सरकार के मेरिट मिशन पर चलते हुए कठिन परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि सभी परिश्रम करें, निष्ठावान बनें, ईमानदारी से आगे बढ़े तथा समाज की सेवा की भावना से कार्य करें। सरकार द्वारा युवाओं को कौशल युक्त बनाने के लिए कौशल विश्वविद्यालय स्थापित किया है ताकि सभी युवा हुनरमंद होकर स्वावलम्बी बन सकें। देश के संसाधनों पर गरीब व्यक्तियों का भी पूरा हक है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार का मतलब आधारभूत ढांचा यानि गलियां, सडक़ें, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल इत्यादि बनवाना ही नहीं होता, बल्कि समाज निर्माण का कार्य भी सरकार का एक दायित्व होता है। लेकिन पहले की सरकारों ने ऐसा कभी नहीं सोचा। प्रधानमंत्री के पदचिह्नों पर चलते हुए हरियाणा में भी राज्य सरकार ने पिछले साढ़े 9 सालों में समाज में थ्री-सी यानि क्राइम, करप्शन और कास्ट बेस्ड राजनीति को खत्म कर समाज में शुद्धता लाने का प्रयास किया है।

इससे पहले उन्होंने स्थानीय सुभाष चौक पर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर स्थानीय लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देशवासियों को जय हिंद का नारा दिया, जिसके उद्घोष से नागरिकों में देशभक्ति का जज्बा जागृत हुआ। नेताजी का जीवन त्याग व संघर्ष से भरा रहा है। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने देश की आजादी से जुड़ी सच्ची घटनाओं को देशवासियों के सामने नहीं आने दिया।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गरीबी की पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति की चिंता करते हुए उनके उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। प्रधानमंत्री ने हमेशा देश के गरीब, किसान, महिला व युवा के उत्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। देश में जाति-पाति खत्म कर सभी को एक साथ लेकर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के भारत को साकार करने के लिए अपने कर्तव्यों का पालन करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की, इसके साथ ही सारा देश राममय हो गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश की आजादी के लिए कठोर संघर्ष किया तथा देशवासियों में आत्मविश्वास जागृत किया।

इस समारोह में लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, उपायुक्त अजय कुमार, उपमंडलाधीश विवेक आर्य (आईएएस), पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, नगराधीश मुकुंद तंवर, सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक विभाग के अतिरिक्त निदेशक (क्षेत्र) डॉ. कुलदीप सैनी, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रमुख शमशेर खरक, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य मौजूद रहे।