शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीसी सतबीर सिंह

समाधान शिविर में कई शिकायतों का मौके पर निपटारा, लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। जनसमस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर आमजन को राहत देने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। यह बात उपायुक्त सतबीर सिंह ने वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान कही।

शिविर में प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली-पानी, राजस्व, नगर निगम और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनी गईं। कई मामलों का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि अन्य शिकायतों पर संबंधित विभागों ने कार्रवाई शुरू की।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही, लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग और एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र ढुल और नगराधीश शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।