एमडीयूः रोजगार कौशल निखारने का प्रशिक्षण शुरू, इंटरव्यू के गुर सीखेंगे विद्यार्थी
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सांख्यिकी एवं डेटा विज्ञान विभाग में सीसीपीसी ने महिंद्रा प्राइड क्लासरूम और नंदी फाउंडेशन, हैदराबाद के सहयोग से एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। एम्प्लॉयबिलिटी एनहांसमेंट स्किल्स विषयक कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कम्युनिकेशन स्किल्स, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार की तैयारी के गुर सिखाए जाएंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन गणितीय एवं कंप्यूटर विज्ञान संकाय के डीन व विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने विश्व सांख्यिकी दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सांख्यिकी आंकड़ों के विश्लेषण, निर्णय लेने और सतत विकास की योजनाओं में अहम भूमिका निभाती है।
सीसीपीसी निदेशिका प्रो. दिव्या मल्हान ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और करियर की चुनौतियों के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित किया। महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के विशेषज्ञ डॉ. संदीप सुनेजा ने व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए पेशेवर कौशल और कार्यस्थल की अपेक्षाओं से अवगत कराया।

Girish Saini

