प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्तः उपायुक्त सचिन गुप्ता

कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति के सख्त निर्देश।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्तः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि वे खंड स्तर, उपमंडल स्तर एवं जिला स्तर पर कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठकों में प्रत्येक खंड से किसानों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान समयबद्ध रूप से हो सके।

जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा कृषि को जोखिम मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की गई है, जिसके माध्यम से किसान अपनी फसलों का बीमा करवा कर आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं। जिले में फसल बीमा का दायित्व भारतीय कृषि बीमा कंपनी को सौंपा गया है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि व्यापक प्राकृतिक आपदा की स्थिति में अधिसूचित क्षेत्र के आधार पर औसत पैदावार में कमी होने पर क्लेम दिया जाता है। वहीं जलभराव, ओलावृष्टि, बादल फटने जैसी घटनाओं से खड़ी फसल को नुकसान होने पर खेत स्तर पर क्लेम का प्रावधान है। फसल कटाई के बाद 14 दिनों तक खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल को चक्रवातीय वर्षा, बेमौसमी वर्षा एवं ओलावृष्टि से नुकसान होने पर भी खेत स्तर पर मुआवजा दिया जाता है। मध्यावधि प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में अधिसूचित आधार पर अग्रिम भुगतान की भी व्यवस्था है।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की गाइडलाइन के दायरे में आने वाले जिन किसानों की पॉलिसी किसी कारणवश निरस्त की गई है, उन्हें तुरंत स्वीकार करते हुए पात्र किसानों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनी द्वारा समय पर कार्यवाही न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गत वर्षों से लंबित मुआवजा मामलों का निपटान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में एडीसी नरेंद्र कुमार, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, सहायक सांख्यिकी अधिकारी विनोद कुमार, डीएसओ नवदीप, कॉपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक वेद प्रकाश, फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि गौरव, सचिन मिश्रा एवं सुनील भारती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।