एनसीसी गर्ल्स कैडेट ने जानी आईएचएम की कार्यप्रणाली
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में वीरवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए एक करियर जागरूकता एवं मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी एवं झज्जर जिलों से लगभग 350 एनसीसी गर्ल्स कैडेट ने भाग लिया।
आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को 10+2 के बाद होटल प्रबंधन एवं आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध करियर एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान करना था। इस दौरान विद्यार्थियों को संस्थान में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं तथा आतिथ्य उद्योग में रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
संस्थान के व्याख्याताओं - बृजेश वाधवा, प्रियंका हुड्डा, प्रतिभ बुडानिया, उमेश कुमार एवं सौरभ सपरा ने बताया कि संस्थान में 3 वर्षीय बीएससी. (आतिथ्य एवं होटल प्रशासन) डिग्री कार्यक्रम के साथ-साथ होटल प्रबंधन एवं आतिथ्य से संबंधित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी भी संकाय (कला, वाणिज्य अथवा विज्ञान) से 10+2 उत्तीर्ण होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों में अभी प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की अत्याधुनिक रसोई प्रयोगशाला, प्रशिक्षण रेस्तरां, हाउसकीपिंग प्रयोगशाला तथा अन्य प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने होटल प्रबंधन क्षेत्र में करियर निर्माण को लेकर विशेष उत्साह एवं रुचि दिखाई। अंत में आईएचएम के प्राचार्य शंभू नाथ गौतम ने गर्ल्स एनसीसी बटालियन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल अमित मैथ्यू सहित अन्य सभी अधिकारियों एवं एनसीसी कैडेट्स का आभार व्यक्त किया तथा उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

Girish Saini 

