जन आकांक्षाओं को पूरा कर रही है नायब सरकारः मंत्री कृष्ण बेदी
रोहतक में 9 जिलों के बीएलए-1 पदाधिकारियों की बैठक आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेश कार्यालय "मंगल कमल" में आयोजित बीएलए-1 की एक बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में संगठन की दृष्टि से सिरसा, डबवाली, फतेहाबाद, जींद, हिसार, हांसी, भिवानी, दादरी व महेंद्रगढ़ सहित 9 जिलों की 27 विधानसभाओं के सभी बीएलए-1 बैठक में शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बैठक में वोटर लिस्ट की समीक्षा, हर बूथ की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी लेने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन-टू-वन कार्यकर्ताओं से मिलकर बूथ वाइज लाइट, शौचालय, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के बारे में भी पता लगाया जाए। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि हमें चुनाव आयोग के साथ मिलकर पारदर्शिता से काम करना है। हर बूथ पर जाकर वोटर लिस्ट की समीक्षा करते हुए मतदाताओं का बूथों के हिसाब से वोटर लिस्ट में नाम आदि की भी पूरी जानकारी रखनी है।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री बेदी ने कहा कि बैठक में पार्टी को जमीनी स्तर पर मज़बूत करने में बीएलए 1 और बीएलए 2, दोनों की अहम भूमिका पर ज़ोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर पार्टी का विस्तार करने के लिए बूथ स्तर की संरचना को मजबूत करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रदेश की नायब सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नायब सरकार संकल्प पत्र में दिए गए हर वादे को पूरा कर रही है।
बैठक में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार, जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका सहित अन्य पदाधिकारी व बीएलए वन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Girish Saini 

