प्राकृतिक खेती आज के समय की आवश्यकताः राज्यपाल आचार्य देवव्रत

प्राकृतिक खेती आज के समय की आवश्यकताः राज्यपाल आचार्य देवव्रत

रोहतक, गिरीश सैनी। गुजरात के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने रोहतक आगमन के दौरान स्थानीय दिल्ली रोड स्थित एस.एस. बाग में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। समाजसेवी राजेश जैन ने संध्या जैन, उमा शर्मा, विजय जैन, राजकुमार शर्मा, समृद्धि जैन, स्वस्तिका सहित परिजनों व शहर के गणमान्य व्यक्तियों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर राज्यपाल का अभिनंदन किया।

इस दौरान राज्यपाल ने एस.एस. बाग का भ्रमण किया और यहां विकसित प्राकृतिक खेती (नेचुरल फार्मिंग) पर आधारित किचन गार्डन, सुसज्जित बाग तथा मियावाकी वन का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्राकृतिक खेती आवश्यक है। रसायनयुक्त खेती के दुष्प्रभावों को देखते हुए ये जरूरी है कि किसान और समाज प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर हों।

समाजसेवी राजेश जैन ने बताया कि एस.एस. बाग को एक लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां स्कूली बच्चों सहित युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों को प्राकृतिक खेती, किचन गार्डनिंग और अन्य सतत (सस्टेनेबल) परियोजनाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाती है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग पांच हजार स्कूली बच्चे इस बाग का शैक्षणिक भ्रमण कर चुके हैं।

इस दौरान यूएचएसआर के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल, डॉ. सीताराम व्यास, सुभाष आहूजा, संपूर्ण सिंह, राजेंद्र बंसल, मेयर रामावतार वाल्मीकि सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, आसपास के गांवों के सरपंच एवं अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।