12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सहमति से होगा मामलों का त्वरित निपटारा

12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सहमति से होगा मामलों का त्वरित निपटारा

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया ने बताया कि 12 सितंबर को रोहतक और महम न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। इसमें दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना, पारिवारिक विवाद, दीवानी एवं फौजदारी मामले, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी के बिल और राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई होगी। उन्होंने आमजन से लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

जेल लोक अदालत में एक केस का निपटारा

इसी कड़ी में जिला जेल सुनारिया में जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने दो मामलों की सुनवाई की, जिनमें से एक का निपटारा किया गया। उन्होंने बताया कि विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान भी शुरू किया गया है। उन्होंने लोगों से मध्यस्थता और लोक अदालत जैसे वैकल्पिक विवाद निपटान माध्यमों का लाभ उठाने की अपील की।