रोहतक न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई को

नागरिक लंबित मुकदमों का लोक अदालत के माध्यम से पाएं जल्द व सुलभ न्यायः जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया

रोहतक न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई को

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया ने बताया कि 9 मई 2026 को स्थानीय न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन अपने लंबित मुकदमों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस लोक अदालत में रखकर जल्द व सुलभ न्याय प्राप्त करें।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 6 बेंच बनाई गई है, जिसमें मुख्य रूप से संगीता राय सचदेवा प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट, कपिल राठी अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जेएमआईसी ममता, हिमांशु व शंकर धून की बेंच बनाई गई है। इसके अलावा 1 बेंच महम न्यायालय में बनाई गई है। ये सभी बेंच राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाने वाले चालान, बैंक, बिजली, एक्सीडेंट,  सिविल,  क्रिमिनल आदि विभिन्न प्रकार के मुकदमों की सुनवाई करेंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण  द्वारा मध्यस्थता के लिए अभियान चलाया गया है, जिसमें नागरिक अपने मुकदमों को रखकर आपसी सहमति से कोर्ट में आने से पहले व कोर्ट में आने के बाद भी मध्यस्थता के माध्यम से सुलझा सकते हैं। प्राधिकरण के कार्यालय में तैनात मिडिएटर इस कार्य में नागरिकों की सहायता करते हैं।