रोहतक में राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का आगाज आज से, डोपिंग के खिलाफ भी चलेगा अभियान

रोहतक में राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का आगाज आज से, डोपिंग के खिलाफ भी चलेगा अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 का आगाज शुक्रवार को एमडीयू के इंडोर स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में होगा। 9 से 11 अक्तूबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकारों की मौजूदगी रहेगी।

हरियाणा फ्लोरबॉल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन समारोह में नशे और डोपिंग के खिलाफ एंटी-डोपिंग अभियान की शुरुआत की जाएगी। खिलाड़ियों को प्रतिबंधित पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता एवं भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान सुनील मलिक, आशिमा अहलावत सहित अन्य खेल प्रतिभाएं समारोह में शामिल होंगी। वहीं अमित सैनी रोहतकिया, प्रदीप बूरा, पूजा हुड्डा और वीर साहू समेत कलाकार हरियाणवी लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों के अनुसार चैंपियनशिप का उद्देश्य फ्लोरबॉल को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना है।