अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर सुपवा के कन्या छात्रावास का नामकरण

महान महिला के नाम से छात्राओं को मिलेगी प्रेरणाः कुलपति डॉ अमित आर्य

अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर सुपवा के कन्या छात्रावास का नामकरण

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के कन्या छात्रावास का नामकरण अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया गया है। महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करने वाली अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर इस छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को प्रेरणा मिलेगी। विवि प्रशासन ने कन्या छात्रावास के मुख्य द्वार व छात्रावास भवन प्रवेश पर नया नाम लिखवा दिया है।

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि कुलपति डॉ अमित आर्य का विचार था कि कन्या छात्रावास का नामकरण किसी ऐसी महान हस्ती के नाम पर किया जाए, जिसका जीवन शिक्षा के प्रति समर्पित रहा हो और जिसने अपने जीवन में उच्च आदर्श स्थापित किए हों, जिसके नाम से छात्राएं प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ सकें। ऐसे में विभिन्न नामों पर विचार के बाद महिला शिक्षा में अहिल्याबाई होल्कर के महान योगदान को देखते हुए उनके नाम पर छात्रावास का नामकरण करने का फैसला लिया गया। कुलसचिव ने बताया कि इस छात्रावास का उद्घाटन 4 फरवरी 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था, लेकिन अभी तक इसका नामकरण नहीं हुआ था। 

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि मराठा साम्राज्य की प्रसिद्ध महारानी अहिल्याबाई होल्कर (1725-1795) ने कम उम्र में पति के देहांत के बाद अपने राज्य की बागडोर संभाली और इंदौर को राजधानी बनाकर कुशल शासन किया। उन्होंने अपने शासन के दौरान न्यायप्रियता, प्रजा कल्याण व प्रशासनिक दक्षता के नए आयाम स्थापित किए। त्याग, धर्म व जनसेवा की मिसाल अहिल्याबाई ने महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिलाने और महिला सशक्तिकरण के लिए जीवन भर प्रयास किया। उनके कार्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहे। इस छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को हमेशा उनके नाम से प्रेरणा मिलती रहेगी।