नालसा के सुरक्षित बचपन अभियान का शुभारंभ, स्कूलों में बच्चों को करेंगे जागरूक

पॉक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों की देंगे जानकारी, हेल्पलाइन 15100 व 1098 का भी होगा प्रचार

नालसा के सुरक्षित बचपन अभियान का शुभारंभ, स्कूलों में बच्चों को करेंगे जागरूक

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), रोहतक ने सोमवार को नालसा के सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया ने हरी झंडी दिखाकर अभियान को रवाना किया। इस दौरान न्यायालय के सभी न्यायाधीश उपस्थित रहे।

न्यायमूर्ति अजय तेवतिया ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी ब्लॉकों के सरकारी और निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। न्यायिक अधिकारी प्रातःकालीन सभाओं में बच्चों को संबोधित करेंगे, जबकि पैनल अधिवक्ता और अधिकार मित्र पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल अधिकारों तथा यौन शोषण से बचाव की जानकारी देंगे।

अभियान के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित-असुरक्षित व्यवहार की पहचान, अनुचित घटनाओं की स्थिति में सहायता लेने और अपनी निजता एवं पहचान की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

डीएलएसए सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने बताया कि निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए हेल्पलाइन 15100 तथा बाल सहायता एवं संरक्षण के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।