नगर निगम ने विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की
‘‘हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025’’ में अव्वल आने के लिए होंगे सामूहिक प्रयास।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक शहर को स्वच्छ बनाने में नागरिकों से योगदान का आह्वान करते हुए मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि शहर के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। मेयर वीरवार को नगर निगम के सभी निर्वाचित और मनोनीत पार्षदों के साथ आयोजित बैठक में शहर के विकास को लेकर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर विशेष रूप से मौजूद रहे।
मेयर ने बताया कि नगर निगम सदन की पिछली बैठक में सभी वार्डों के विकास के लिए 25 करोड़ लागत के टेंडर लगवाकर विकास कार्य शुरू करवाने बारे प्रस्ताव पास किया गया था। इस प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम द्वारा टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि रोहतक शहर को ‘‘हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025’’ में पहले नंबर पर लाने के लिए हम सभी को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि रोहतक शहर को स्वच्छ व सुंदर रखना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्षदों का आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें।
बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। मेयर ने कहा कि सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुधारने और वार्डवासियों को सफाई के लिए जागरूक करें। साथ ही, अपने-अपने वार्डों की सड़कों व गलियों में बड़े रैंप और चबूतरों से किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर हटवाएं। पार्षदों को मेयर द्वारा आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही निगम अधिकारियों के साथ चर्चा कर डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाएगा।
Girish Saini 


