सुपवा में 11 सितंबर से म्यूजिक वीडियो शूट, एक महीने में पूरे होंगे 8 प्रोजेक्ट
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में फिल्म एवं टेलीविजन (एफटीवी) फैकल्टी के छात्रों के लंबित म्यूजिक वीडियो प्रोजेक्ट्स का शूट 11 सितंबर से शुरू होगा। करीब एक माह चलने वाला शूटिंग शेड्यूल 12 अक्टूबर तक जारी रहेगा। फैकल्टी की ओर से शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इससे विशेष रूप से 2022-23 बैच के छात्रों को राहत मिलेगी और उनका लंबित मॉड्यूल पूरा होने का रास्ता साफ होगा।
एफटीवी फैकल्टी कोऑर्डिनेटर महेश टीपी ने बताया कि म्यूजिक वीडियो शूट पांचवें सेमेस्टर के कोर्स का हिस्सा है। विभिन्न कारणों से शूटिंग नहीं हो पाने के कारण छात्रों का कोर्स वर्क अटका हुआ था। कुलपति डॉ. अमित आर्य के निर्देश पर अब लंबित कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए लगातार शूटिंग कराने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में कुल 8 म्यूजिक वीडियो शूट किए जाएंगे। इसके लिए डायरेक्शन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग और ऑडियोग्राफी के छात्रों की टीमें बनाई गई हैं। छात्र अपने-अपने प्रोजेक्ट में डायरेक्टर, सिनेमेटोग्राफर, एडिटर और ऑडियोग्राफर की जिम्मेदारी संभालेंगे। शूटिंग के लिए यूनिट मैनेजर भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
विवि स्तर पर कैमरे, लाइट, जनरेटर समेत जरूरी संसाधनों की व्यवस्था कर ली गई है। शूटिंग में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए लाइट बॉय, मेकअप आर्टिस्ट, स्पॉट बॉय और कारपेंटर आदि की व्यवस्था भी पहले से की गई है।
महेश टीपी ने कहा कि एफटीवी छात्रों के लंबित कोर्स वर्क और बैकलॉग को खत्म करने को विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। उनके अनुसार, कुलपति डॉ. अमित आर्य के अथक प्रयासों से 2018 बैच की डिग्री मार्च में पूरी हो चुकी है। अब अन्य लंबित बैचों की पढ़ाई और प्रोजेक्ट्स को भी गति देने की दिशा में काम चल रहा है।

Girish Saini 

