गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की कड़ी कार्यवाही लगातार जारी
कूड़ा निस्तारण के लिए 27 बल्क वेस्ट जनरेटर्स ने किया अनुबंधः संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक शहर को स्वच्छ, सुन्दर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर गंदगी फैलाने वालों एवं सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालो के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।
निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने सफाई शाखा के अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ एक बैठक में शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने तथा गंदगी फैलाने वालों के चालान निरंतर किए जाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नगर निगम की टीम द्वारा 8 चालान 4300 रुपये के किए गए। जिसमें 4 चालान 800 रुपये के गंदगी फैलाने वालों व 4 चालान 3500 रुपये का सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों के किए गए। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा शहर में निरंतर निरीक्षण कर नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी की अध्यक्षता में बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा उत्पन्न कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर आयोजित बैठक में कूड़ा निस्तारण के लिए नगर निगम के साथ अनुबंध किया जा रहा है। अभी तक 27 बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा निगम के साथ अनुबंध किया जा चुका है। बैठक के दौरान जिन बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा अनुबंध हेतु समय मांगा गया है, उन पर निर्धारित समय सीमा के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने बताया कि सभी बल्क वेस्ट जनरेटर को अवगत कराया गया है कि वे कूड़े का निस्तारण अपने स्तर पर करें। अगर कोई अपने स्तर पर कचरे का निस्तारण करने में सक्षम नहीं है, उसके लिए नगर निगम के साथ विधिवत एग्रीमेंट (अनुबंध) कर सकता है। कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु नगर निगम द्वारा 1155 रूपये प्रति मीट्रिक टन की दर निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार कचरे का प्रोसेसिंग कार्य किया जाएगा।
उन्होंने नागरिको से अपील की है कि वे अपने घर, गली, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करे। घरों से निकलने वाले कूड़े को गीला और सूखा अलग-अलग रखें। सफाई कार्य की शिकायत बारे - स्वच्छता ऐप पर डाले। किसी घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा न उठाए जाने पर शिकायत 7303050200 व 7303050800 तथा सफाई कार्य न होने पर 18001805007 व 8295900992 नंबरों पर दर्ज करवा सकते हैं

Girish Saini 

