गांधी कैंप बाजार में अतिक्रमण व गंदगी के खिलाफ नगर निगम की विशेष मुहिम

बल्क वेस्ट जनरेटर्स को उचित ढंग से कूड़ा निष्पादन के लिए कर रहे प्रेरितः संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी

गांधी कैंप बाजार में अतिक्रमण व गंदगी के खिलाफ नगर निगम की विशेष मुहिम

रोहतक, गिरीश सैनी। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के उदेश्य से नगर निगम की टीम द्वारा स्थानीय गांधी कैंप बाजार क्षेत्र में एक विशेष मुहिम चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए। इस दौरान सड़क पर कूड़ा डालने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले, अतिक्रमण कर सड़क व फुटपाथ को बाधित करने वाले तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दुकानदारों के चालान किए गए। टीम द्वारा मौके पर ही दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक भी किया गया।

निगमायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 चालान 5900 रुपये के किए गए। जिसमें 10 चालान 4400 रुपये के गंदगी फैलाने वालों व 1 चालान 1500 रुपये का सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वाले का किया गया।

संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने बताया कि कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण करवाने हेतु 33 बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा नगर निगम के साथ अनुबंध किया जा चुका है। इसके साथ ही, प्रतिदिन बल्क वेस्ट जनरेटर्स के साथ बैठक कर उन्हें कूड़े के सही ढंग से कूड़ा निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान जिन संस्थानों/प्रतिष्ठानों द्वारा अनुबंध हेतु समय मांगा गया है, निर्धारित समय सीमा उपरांत उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।    

संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा कूड़े का निस्तारण अपने स्तर पर किया जाना होता है। परन्तु बैठक में उपस्थित बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा बताया जा रहा है कि वे अपने स्तर पर कचरे का निस्तारण करने में सक्षम नहीं है। इसलिए निगम कूड़ा निष्पादन के लिए उनको सुविधा प्रदान कर रही है। बल्क वेस्ट जनरेटर्स नगर निगम के साथ अनुबंध कर सकते हैं, जिसकी दर 1155 रूपये प्रति मीट्रिक टन निर्धारित की गई है। उन्होंने अपील की कि बल्क वेस्ट जनरेटर्स अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कूड़ा इधर-उधर न डालें तथा नगर निगम के साथ कूड़े के निस्तारण हेतु अनुबंध करें।