बाबरा मोहल्ला, हुडा कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-2 व 3 मार्किट सहित शहर में नगर निगम का विशेष सफाई अभियान

निगमायुक्त सत्येंद्र दूहन ने नालों के सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बाबरा मोहल्ला, हुडा कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-2 व 3 मार्किट सहित शहर में नगर निगम का विशेष सफाई अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त सत्येन्द्र दुहन के निर्देशानुसार शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को सर्कुलर रोड, जनता कालोनी, हुडा कॉम्प्लेक्स, छोटू राम चौक, तेज कॉलोनी, बाबरा मोहल्ला, प्रताप चौक तथा सेक्टर-2 व 3 मार्किट सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

निगमायुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि इस अभियान के दौरान निगम की सफाई टीम ने सड़कों, गलियों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर फैले कूड़े को एकत्रित कर उसका तत्काल उठान कराया। साथ ही, नालों व नालियों में जमा गाद, प्लास्टिक, पालीथिन तथा अन्य अवरोधों को निकालकर उनका भी साथ ही उठान करवाया गया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि वर्षा के दौरान पानी का ठहराव न हो।

निगमायुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि निरंतर सफाई अभियान के साथ ही नागरिको एवं दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़े को इधर-उधर न फेंक कर, उसे निगम की कूड़ा गाड़ी में ही डालें, प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें।