शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम का कड़ा रूख

गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए चलेगा विशेष अभियानः निगमायुक्त नरेंद्र कुमार

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम का कड़ा रूख

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करते हुए मुख्य सड़कों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में किसी भी सड़क, गली अथवा सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा-कचरा नहीं दिखाई देना चाहिए। निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छता व सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए पर्याप्त समय दिया जा चुका है और अब फील्ड में सफाई कार्यों के ठोस परिणाम दिखाई देने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

निगमायुक्त ने इसके बाद संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक बैठक में सफाई कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा ऐसे स्थानों की विशेष निगरानी की जाए जहां बार-बार कूड़ा फेंके जाने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों, दुकानदारों एवं संस्थानों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर चालान किए जाएं तथा नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए।

निगमायुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सफाई करवाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना भी है। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने समाचार पत्रों द्वारा आमजन से संबंधित शिकायतों को प्रकाशित करने का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि किसी समाचार पत्र के माध्यम से भी यदि कोई समाचार सफाई कार्य से संबंधित प्रकाशित होता है तो उसका संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्यवाही करें तथा सफाई कार्य करवाने के बाद फोटोग्राफ भी साझा किए जाए।

निगमायुक्त ने नागरिक सुविधा केंद्र का भी औचक दौरा किया तथा वहां आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिक सुविधा केंद्र, नगर निगम और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर एवं सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि निगम की एनफोर्समेंट टीम को भी निर्देश दिए गए हैं कि अवैध होर्डिंग्स/फ्लैक्स, पोस्टर आदि लगाने वालों को चिन्हित कर उन पर हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट 1989, विज्ञापन नीति के तहत कार्यवाही करते हुए चालान किए जाए। समय पर जुर्माना न भरने वालों के विरुद्ध निगम द्वारा प्राथमिकी दर्ज करवाई जाये। निगम की टीम द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाकर मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों पर लगे अवैध होर्डिंग/फ्लैक्स, पोस्टर आदि हटाये जा रहे हैं।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें तथा कूड़ा केवल डोर-टू-डोर संग्रहण वाहनों में ही डालें।