शहर की साफ-सफाई के लिए गंभीर है नगर निगमः निदमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा
आंबेडकर चौक से गोहाना अड्डा तक विशेष सफाई अभियान आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा है कि नगर निगम शहर में सफाई कार्य के प्रति गंभीर है तथा निगम द्वारा द्वारा नियमित रूप से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्थानीय आंबेडकर चौक से लेकर सुभाष रोड-गोहाना अड्डा तक एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना था। इस दौरान मुख्य सड़क के अलावा सड़क के किनारों, मार्किट क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे, मिट्टी, पॉलिथीन व अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। सफाई अभियान की निगरानी निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर एवं सहायक सफाई निरीक्षक संदीप राठी ने की।
इस दौरान निगम टीम ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने तथा अनावश्यक गंदगी फैलाने से बचने की अपील की।
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने नागरिकों से घरों से निकलने वाले कचरे को गीला एवं सूखा अलग-अलग रखने की अपील करते हुए कहा कि गीला कचरा जैसे भोजन अवशेष, सब्जियों के छिलके आदि तथा सूखा कचरा जैसे प्लास्टिक, कागज, बोतलें आदि को अलग रखने से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान संभव हो पाता है और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे निगम की कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इन छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़ा बदलाव लाते हुए रोहतक शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहयोग दें। निगमायुक्त ने कहा कि किसी घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा न उठाए जाने पर 73030-50200 व 73030-50800 तथा सफाई न होने पर 1800-180-5007 व 82959-00992 फोन नंबरों पर शिकायत दर्ज करवाएं ताकि तुरंत समाधान किया जा सके।

Girish Saini 

