नालों की सफाई के बाद ढक्कन सड़क पर छोड़ भूला नगर निगम, हादसे का इंतजार
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय सैनी स्कूल रोड स्थित बाल भवन के बाहर नगर निगम की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। नालों की सफाई के बाद निगम ने इनके ढक्कन सड़क किनारे ही छोड़ दिए और करीब एक माह बीतने के बावजूद इन्हें वापस नहीं लगाया गया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और सड़क पर बेतरतीब पड़े ढक्कन राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का सबब बन सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। पानी जमा होने के कारण सड़क पर पड़े ढक्कन और नालों की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों के लिए भी जोखिम बढ़ जाता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सफाई के बाद ढक्कन सड़क पर छोड़ने के बजाय उन्हें तत्काल नालों पर लगाया जाना चाहिए था। लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ऐसे में किसी हादसे के बाद ही निगम की नींद टूटेगी या इससे पहले ढक्कन वापस लगाए जाएंगे, यह सवाल बना हुआ है। लोगों ने तत्काल नालों के ढक्कन लगवाने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
Girish Saini 

